नई दिल्ली के दरियागंज इलाके में पुलिस की वर्दी पहनकर घूम रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी की पहचान सोनीपत निवासी गौरव (23) के रूप में हुई है।
जांच में पता चला कि वह दिल्ली पुलिस का सिपाही नहीं है बल्कि शौकिया तौर पर वर्दी पहन रखी थी। आशंका है कि आरोपी लोगों से ठगी करने के लिए वर्दी पहनता होगा। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दरियागंज थाने में तैनात हवलदार श्रीराम बृहस्पतिवार दोपहर दरियागंज के अंसारी रोड पर गश्त कर रहा था, तभी उसने एक युवक को पुलिस की वर्दी पहने देखा। उसके पैरों में स्पोर्ट्स शूज देखकर श्रीराम को शक हुआ। उसने युवक को रुकने के लिए कहा, तो वह भागने लगा। हवलदार ने पीछा कर उसे दबोच लिया।