होली पर हुड़दंग करने वालों को त्योहार पर हवालात की हवा खानी पड़ सकती है। होली पर शराब पीकर हुड़दंग और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में 12 सौ पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। वहीं गुरूग्राम में पुलिस ने अपनी कमर कस ली है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि होली पर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, क्राइम ब्रांच, यातायात पुलिस को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अक्सर कुछ शरारती तत्व बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे बजाते हुए हुड़दंग करते हैं। ऐसे हुड़दंगियों से पुलिस सख्ती से पेश आएगी। यातायात पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे बजाते हुए और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए।
वहीं गुरूग्राम में आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर सोमदत्त यादव ने बताया कि होली को लेकर शहर में अवैध शराब कारोबारी और नकली शराब की तस्करी न हो, इसके लिए शहर में नाकेबंदी की जाएगी। अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है जो अपने-अपने जोन में होटल, रेस्तरां, हाइवे किनारे बने ढाबों पर खासकर जांच करेंगी। रात के समय में फरीदाबाद रोड, राजीव चौक समेत तीन से चार जगहों पर नाके लगाए जाएंगे।