फरीदाबाद की सड़कों पर फैले गैंग्स ऑफ ऑटोवाला के जंगलराज के खिलाफ 'अमर उजाला' की खबर का असर शुक्रवार को शहर की सड़कों पर दिखाई दिया। जगह-जगह बेलगाम ऑटो वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन में तीन घंटे चली कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 100 से ज्यादा ऑटो के चालान काटे, जबकि 10 ऑटो जब्त किए गए।
सड़कों पर मनमर्जी ब्रेक मारकर लोगों की परेशानियां बढ़ाने वाले, चौराहों को बंधक बनाकर ट्रैफिक जाम लगाने वाले, बिना परमिट के सड़कों पर दौडने वाले, ओवरलोड सवारियां भरकर जान जोखिम में डालने वाले ऑटो चालकों की मनमानी पर ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कसा। तीनों जोन में चले अभियान के दौरान नाबालिग चालकों को ऑटो चलाते हुए पकड़ा गया।
फिक पुलिस के एसएचओ हेमंत कुमार ने बताया की सभी जोन के ट्रैफिक इंचार्ज (टीआई) को ऑटो चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दे दिए गए हैं। शुक्रवार को नेशनल हाइवे स्थित फोर्ड चौक पर एएसआई धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में आठ पुलिसकर्मियों की टीम ने ऑटो वालों को रोककर दस्तावेज जांचे।
शहर में चले चेकिंग अभियान से ऑटोवालों में हड़कंप मच गया। पुलिस को देख कई ऑटो हाईवे पर गलत दिशा में वापस दौडने लगे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने पीछा कर उनके भी चालान काटे। चेकिंग अभियान के दौरान चौंकाने वाला नजारा दिखाई दिया। पकड़े जाने पर कुछ ऑटोवालों ने फोन कर अपने आकाओं से पुलिसकर्मियों की बात कराई तो कुछ ने खुलेआम रिश्वत की पेशकश कर डाली।
हालांकि, पुलिसकर्मियों ने एक न सुनी और कार्रवाई जारी रखी। चेंकिग के दौरान पकड़े गए ज्यादातर ऑटो बिना नंबर या दोषी नंबर प्लेट के पाए गए। इसके अलावा कई ऑटोवालों के पास दस्तावेज नहीं थे तो कोई क्षमता से अधिक सवारियां ढोता पाया गया। पाली के पास एएसआई विजयपाल ने अभियान चलाया। यहां भी 40 से ज्यादा ऑटो के चालान दोपहर 12 बजे तक काटे गए।