-नबी करीम थाना पुलिस की अनोखी चाल, आरोपी के खिलाफ पहले से 32 मामले दर्ज, वाहन चोरी के चार मामले सुलझाने का दावा
-आरोपी पहाड़गंज थाने का बीसी (घोषित बदमाश), पुलिस ने बेहद चालाकी से आरोपी को दबोचा, आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मध्य जिला के नबी करीम थाना पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए फेसबुक पर लड़की के नाम से फर्जी आईडी बनाकर जाल बिछाया। सोशल मीडिया पर संपर्क कर आरोपी को मिलने के लिए झंडेवालान मेट्रो स्टेशन पर बुलाया और जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया।
आरोपी की पहचान आराम बाग, पहाड़गंज निवासी अमन (25) के रूप में हुई है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इसके पास से चोरी की चार स्कूटी बरामद की है। इसकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के चार मामले सुलझाने का दावा किया है। मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 19 मार्च को नबी करीम इलाके से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी में एक नकाबपोश आरोपी चोरी करते हुए दिखा। बाद में उसकी पहचान हिस्ट्रीशीटर अमन के रूप में हुई। आरोपी लगातार पुलिस से बचकर चल रहा था। पुलिस ने उसे दबोचने के लिए एक योजना बनाई। सबसे पहले उसका सोशल मीडिया अकाउंट पता किया गया। इसके बाद टीम ने लड़की के नाम से एक फर्जी आईडी बनाकर अमन को दोस्ती का रिक्वेस्ट भेजा गया। इसके बाद आरोपी को मिलने के बहाने बुलाकर दबोच लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह दोपहिया वाहन चोरी करने के बाद उस पर लूटपाट और झपटमारी करता था। बाद में इन वाहनों को बेच दिया जाता था। हर 15 से 20 दिन में आरोपी एक स्कूटी चोरी करता था। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।