-उम्मीदवारों को मार्कशीट और योग्यता प्रमाण पत्र डिजिलॉकर में अपलोड किए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने देशभर में सात व आठ फरवरी को आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता (सेंट्रल टीचर एलिजेबिलिटी टेस्ट(सीटीईटी) के नतीजे घोषित कर दिए हैं। नतीजे सीटीईटी और सीबीएसई की वेबसाइट पर देखे जा सकते हैैं। पेपर-1 में 3,58, 937 और पेपर-2 में 3,46, 738 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। उम्मीदवारों को अंकतालिका और योग्यता प्रमाणपत्र डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सीबीएसई के अनुसार सीटीईटी के पेपर-1 में कुल 12,11,611 छात्र पंजीकृत हुए थे, जिसमें से 10,65, 410 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इसमें से 3,58, 937 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं, इसका पास प्रतिशत 33.69 फीसदी रहा है। जबकि पेपर-2 के लिए 21, 56, 459 उम्मीदवार पंजीकृत हुए थे जिसमें से 18,67, 428 उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। इसमें से 3,46,738 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है और पास प्रतिशत 18.56 फीसदी रहा है।
वहीं कुल 26, 49, 129 छात्र पंजीकृत थे, इसमें से 23, 23, 625 छात्र परीक्षा में बैठे, जिसमें से 59, 7061 को सफल घोषित किया है। इनका पास प्रतिशत 25.68 फीसदी रहा है। सीबीएसई के अनुसार सफल उम्मीदवारों की मार्कशीट और पात्रता प्रमाण पत्र जल्द ही डिजिलॉकर पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उम्मीदवार अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर का उपयोग कर इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे। मालूम हो कि सीटीईटी परीक्षा देशभर में शिक्षक बनने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षा मानी जाती है।