ट्रैफिक पुलिस ने 31 दिसंबर की रात 12 बजे से शराब पीकर वाहन चलाने वालों के चालान करना शुरू किया। इस दौरान 558 लोगों के चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नए साल पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर थी।
लेकिन, शाम 6.30 बजे के बाद एनआईसी सिस्टम में खराबी आने के कारण पुलिस चालान करने में असमर्थ हो गई। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले धड़ल्ले से वाहन दौड़ाते रहे। ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के पास कुल 1500 चालान मशीन हैं। जश्र के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकड़ने के लिए सभी मशीनों को उतार दिया गया था। शाम करीब 6.30 बजे एनआईसी सिस्टम ठप हो गया। चालान मशीनें एनआईआर सर्वर से डेटा लेती हैं। फिर चालान किए जाते हैं। सर्वर ठप होने से चालान मशीनों ने रात 12 बजे तक काम नहीं किया।
इस बार लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से नए वर्ष का स्वागत किया। इस बार दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने संबंधित स्थानीय पुलिस के साथ चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की थी। सड़कों पर पूरी रात पुलिस के तैनात होने से पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष बहुत कम चालान हुए हैं। -अजय चौधरी विशेष पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक दिल्ली पुलिस
ऑपरेशन बुलेट राजा चलाया, 35 पर केस दर्ज
जामिया नगर थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच ऑपरेशन बुलेट राजा चलाया गया। अभियान के तहत संशोधित साइलेंसर (फट-फट की आवाज करने वाले) का इस्तेमाल करने और स्टंट करने पर 35 बुलेट सवारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कार्रवाई जामिया नगर थाने के पुलिसकर्मियों के ओर से शुरू किए गए ऑपरेशन बुलेट राजा के तहत, जामिया नगर में संशोधित साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले और स्टंट करने के लिए 35 मोटरसाइकिल सवारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं, डीपी अधिनियम की धारा 65 के तहत 673 लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, धारा 66 के तहत 131 वाहन जब्त किए गए।