ड्रोन से संवेदनशील इलाकों पर रखी नजर, मचान पर भी सुरक्षाकर्मी रहे तैनात
पहले देर रात तक दिल्ली में हुई पुलिस की जनरल गश्त
तड़के 4 बजे से मस्जिदों के आसपास पुलिस की तैनाती
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बकरीद पर शनिवार को दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त सर्तकता बरती। दिल्ली के संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से जबकि कई जगह मचान बनाकर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए। इससे पहले शुक्रवार, शनिवार देर रात तक पुलिस ने जनरल गश्त की। नमाज से पहले ही तड़के 4 बजे से मस्जिदों के आसपास पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त विवेक गोगिया से लेकर दूसरे आला पुलिस अधिकारी सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेते हुए नजर आए। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के जाफरपुर कला से लेकर यमुनापार, दिल्ली यूपी बॉर्डर के बदरपुर से लेकर बाहरी दिल्ली के मुंडका बॉर्डर तक पुलिस की टीम सड़क पर नजर आई। पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार ने इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे यही उद्देश्य है। सभी समुदाय से मिल रहे हैं, पुलिस प्रशासन का सब लोग सहयोग कर रहे हैं।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि अमन कमेटी को लोगों को साथ गश्त की गई। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि 1000 के आसपास पुलिसकर्मी जिले में बकरीद को लेकर अलग-अलग जगह पर तैनात किए गएं। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने कहा कि लॉ एंड आर्डर के लिए सुरक्षा कड़ी की गई। सुबह पश्चिमी दिल्ली के सबसे बड़ी जामा मस्जिद 830 ख्याला पर 4.00 बजे से पुलिस की तैनाती वहां पर थी। मस्जिद के आने वाले रास्तों पर भी बैरिकेडिंग की गई थी।