चीन से कंप्यूटर व अन्य पार्ट्स का व्यापार करने के नाम पर करीब 25 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में कैंप पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। मामला न्यू कॉलोनी निवासी प्रिंस आर्य के बयान पर दर्ज किया गया है।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में प्रिंस आर्य ने कहा है कि न्यू कॉलोनी निवासी योगेश, राधेश्याम व संदीप और कालड़ा कॉलोनी निवासी नवीन से उसकी जान पहचान थी, जो कंप्यूटर के पार्ट्स का दिल्ली में कारोबार करते हैं। आरोप है कि उक्त लोगों ने उससे कंप्यूटर का कारोबार करने की सलाह दी, जिस पर उसने ढाई लाख रुपये लगाकर उनके कहने पर कारोबार शुरू कर दिया।
कुछ दिन बाद आरोपियों ने उससे कहा कि यदि उनके साथ चीन से कंप्यूटर व अन्य पार्ट्स का व्यापार करना चाहता है तो उसके लिए 25 लाख रुपये का इंतजाम कर ले। उनकी बातों में आकर उसने आरोपियों को एक बार 10 लाख रुपये और दूसरी बार 15 लाख रुपये दे दिए।
पुलिस को दी शिकायत में प्रिंस ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने चीन ने सामान मंगवाकर खुद बेच खाया। जब उसे इस बारे में जानकारी हुई तो उसने आरोपियों से बात की। लेकिन आरोपी उससे टाल मटोल करते रहे और उसे धमकाने लगे। पुलिस ने उसकी शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।