सीआईए सेक्टर-40 ने अवैध रूप से बिहार ले जाई जा रही शराब को बरामद किया है। यह शराब ट्रक में चावल के कट्टों के पीछे छिपाकर ले जाई जा रही थी। डीएलएफ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसको जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सीआईए सेक्टर-40 के एसिआई जयभगवान को सूचना मिली थी कि एक 12 टायरा ट्रक में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। यह ट्रक फरीदाबाद रोड से गुजरेगा। इस पर पुलिस ने फरीदाबाद रोड पर जांच शुरू कर दी। इस दौरान एक ट्रक वहां से गुजरा। जिसे जांच करने पर आगे तो चावल के कट्टे मिले, लेकिन जब चावल के कट्टे हटाए गए तो अंदर शराब की खेप मिली। यहां ट्रक में 367 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद हुई हैं।
डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक की पहचान मेवात निवासी शमीम के रूप में हुई है। एसआई जयभगवान ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि यह शराब उसने दिल्ली से लोड की थी और इसे बिहार लेकर जाना था। इस मामले में पुलिस ने गाड़ी के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। जल्द ही गाड़ी मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शनिवार को आरोपी शमीम को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।