दिल्ली के वसंतकुंज इलाके में स्थित एक फ्लैट में बंद नर्स को पुलिस ने मंगलवार को मुक्त करा लिया। एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट से एमबीए कर रहा युवक शादी का झांसा देकर कई महीने से युवती से दुष्कर्म कर रहा था। युवक नर्स को फ्लैट में बंद कर भोपाल स्थित अपने घर चला गया था।
दक्षिण जिले के डीसीपी प्रेमनाथ ने बताया कि बंधक बनाने, मारपीट करने, छेड़छाड़ और दुष्कर्म आदि धाराओं में मामला दर्ज कर बुधवार सुबह भोपाल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है। पीड़ित युवती को नारी निकेतन भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी भोपाल निवासी उदभव (23) दिल्ली स्थित एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट में एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसकी भोपाल के अस्पताल में नर्स (21) से मुलाकात हुई थी।
युवती ने बताया कि उदभव शादी का झांसा देकर उसे दिल्ली ले आया और फिर डरा-धमकाकर बी-6 कावेरी अपार्टमेंट, वसंतकुंज स्थित एक फ्लेट में बंधक बना लिया। आरोप है कि युवक नर्स से दुष्कर्म और मारपीट करता था।
वह उसे फ्लैट से निकलने नहीं देता था। मंगलवार को उदभव नर्स को फ्लैट में बंद कर भोपाल चला गया। उसके जाने के बाद शाम को युवती ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया।
नर्स ने अपने मामा-मामी को सूचना दी। पुलिस ने फ्लैट का ताला तोड़कर नर्स को मुक्त करा लिया। मामला दर्ज करने के बाद वसंतकुंज थानाध्यक्ष वीरेंद्र जैन की देखरेख में एक टीम भोपाल पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।