वकीलों की हड़ताल का असर अब रजिस्ट्री आफिस पर भी पडे़गा। पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर 8 दिसंबर तक हड़ताल पर गए वकीलों को तहसील कंपाउंड संघ ने अपना समर्थन दे दिया है।
संघ ने घोषणा की है कि आगामी दो दिनों तक तहसील में रजिस्ट्री कार्य नहीं किया जाएगा। ऐसे में इस सप्ताह अब रजिस्ट्री कार्य पूरी तरह से ठप रहेगा। उधर वकीलों की इस हड़ताल का असर वादकारियों पर पड़ना शुरू हो गया है।
हड़ताल के चलते बड़ी संख्या में जमानत अटक गई हैं। दूर-दराज इलाकों से कचहरी पहुंचने वाले वादकारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
बुधवार को अपने पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत वकीलों ने वाणिज्यकर विभाग के गेट पर दोपहर एक बजे तक धरना दिया।
इससे पूर्व बार अध्यक्ष अनिल पंडित और सचिव योगेंद्र कौशिक के नेतृत्व में अधिवक्ता डीएम आफिस पहुंचे और प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन एडीएम सिटी रक्षपाल सिंह को सौंपा।
दूसरी ओर तहसील कंपाउंड संघ ने भी दो दिन हड़ताल की घोषणा कर दी है। संघ के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा और उपाध्यक्ष योगेश त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को रजिस्ट्री नहीं होगी।
शनिवार को हड़ताल और रविवार को अवकाश है। सोमवार को ही काम होगा।