जांच में पता चला कि वीडियो पहाड़गंज इलाके का है और होली वाले दिन का है। युवती जापानी पर्यटक है जो दिल्ली के पहाड़गंज में रह रही थी। छानबीन करने पर पता चला कि वह बांग्लादेश चली गई है। दिल्ली पुलिस ने जापानी दूतावास को मेल भेजकर पर्यटक के कोई शिकायत करने के बारे में पूछताछ की थी। जिसके जवाब में दूतावास के अधिकारी ने पुष्टि की कि युवती ने न तो दिल्ली पुलिस को और न ही अपने दूतावास को कोई शिकायत दी थी।
उसके बाद पुलिस ने वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान करने में जुट गई और स्थानीय खुफिया जांच के बाद एक नाबालिग समेत तीन लड़कों को पकड़कर उनसे पूछताछ की। आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सभी ने बताया कि वह पहाड़गंज इलाके के रहने वाले हैं और होली का आनंद लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसी बीच पीड़िता ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया है कि वह बांग्लादेश पहुंच चुकी है और पूरी तरह से मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ है।
एक एक आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचेगा : स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सभी आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने की बात कही है। उन्होंने इस घटना पर ट्वीट कर अपना गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि जितनी बार ये वीडियो देख रही हूं, उतनी बार खून खौल रहा है। चाहे कुछ हो जाए, इनमें से किसी को नहीं छोड़ूंगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे इनमें से एक-एक आरोपियों सलाखों के पीछे पहुंचेगा।