- दिल्ली की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर रहे सुबह के समय भारी पुलिसकर्मी तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बाद सोमवार सुबह से ही गुरुग्राम-दिल्ली बाॅर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इस कारण दिल्ली की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की दिल्ली पुलिस ने जांच की।
अधिकारियों को इनपुट मिला था कि काकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता व समर्थक बड़ी संख्या में गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली में दाखिल हो सकते हैं। ऐसे में सभी छोटे-बड़े वाहनों की जांच की गई। दिल्ली-जयपुर हाईवे, सरहौल बॉर्डर, कापसहेड़ा बॉर्डर व आया नगर बाॅर्डर पर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की जांच की गई। ऐसे में सुबह के दौरान हाईवे व अन्य रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को परेशानी हुई। हालांकि दोपहर तक सरहौल बॉर्डर पर पुलिस ने वाहनों की जांच बंद कर दी थी, जिसके बाद यातायात सुचारू रूम से चल सका।
दिल्ली पुलिस के साथ ही गुरुग्राम पुलिस ने सभी बॉर्डर पर संदिग्ध वाहनों, खासकर काॅमर्शियल गाड़ियों व बसों को रोककर अंदर बैठे लोगों की पहचान की। बॉर्डर पर सड़क मार्ग के साथ-साथ ही मेट्रो में निगरानी रखी गई। गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर, इफ्को चौक, एमजी रोड व गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त पुलिस बल व सीआईएसएफ के जवान तैनात किए गए थे। हरियाणा आजाद समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रामे प्रधान ने बताया कि उन्हें घर से बाहर जाने से रोक दिया गया और उनके घर के बाहर कई पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
वर्जन
जंतर-मंतर में विरोध प्रदर्शन के कारण गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जा रहे वाहनों की जांच की जा रही थी। जांच प्रक्रिया की वजह से वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी हुई थी। दोपहर तक हाईवे पर दिल्ली की ओर जाने वाला यातायात सुचारू रूप से चलने लगा था।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।