संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। सीबीएसई की ओर से 17 से 21 जुलाई तक रोहिणी सेक्टर-13 स्थित वीएसपीके स्कूल में आयोजित सीबीएसई सेंट्रल जोन योगासन प्रतियोगिता में लुडलो कैसल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रशिक्षु भूपेन पाल ने तीन स्वर्ण पदक जीते।
भूपेन ने इंडिविजुअल, आर्टिस्टिक सिंगल और टीम इवेंट में हिस्सा लिया था। वे साल 2023 से दिल्ली सरकार की खेल शाखा में योग प्रभारी एवं मुख्य प्रशिक्षक रोशन कुमार के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। इससे पहले भी वह एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुके हैं।
टीम स्पर्धा में दर्शन अकादमी स्कूल, किरपाल बाग का प्रतिनिधित्व करने वाली स्वर्ण पदक विजेता टीम में भूपेन पाल, गोविंद, अंश, मानव और एकलव्य शामिल रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल शाखा के अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।