जनसाधारण एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार मुसाफिरों से लूटपाट करने के मामले में दादरी स्टेशन के समीप से जीआरपी ने मंगलवार रात तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से लूटे गए सामान और हथियार भी बरामद हुए हैं।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात में दादरी स्टेशन स्थित रेलवे लाइन के समीप सिपाही अजयपाल अपने साथियों के साथ गश्त पर था। वहां संदिग्ध हालत में तीन युवकों को देखकर उन्हें रुकने का इशारा किया।
यह भी पढ़ें:जब दरोगा ही लूटने लगे तो कहां लगाएं गुहार?
लेकिन पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने लगे। घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें विनीत निवासी भुनना जाटन जहांगीरपुर, रवींद्र और प्रेमचंद्र निवासी जारचा शामिल हैं।
जीआरपी के अनुसार ये तीनों जनसाधारण एक्सप्रेस में लूटपाट के मामले में फरार चल रहे थे। विनीत पर तीन हजार रुपये और रवींद्र पर दो हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनके कब्जे से ट्रेन में लूटे गए चार मोबाइल, तमंचा कारतूस और चाकू बरामद किया गया है। अलीगढ़ में तीन लुटेरे पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें:आंख दिखाने पर फोड़ दी थी बारातियों की आंख
पुलिस ने बताया कि चार जनवरी को जनसाधारण एक्सप्रेस दिल्ली से राजेंद्र नगर, बिहार जा रही थी। गार्ड से तीसरी बोगी (जनरल कोच) में दिल्ली से ही छह बदमाश सवार हो गए। गाजियाबाद से निकलते ही बदमाशों ने कोच के दरवाजों को बंद कर तमंचे, चाकू निकाल लिए। विरोध करने पर एक मुसाफिर राजू को चाकू मारकर घायल कर दिया। शाहिद व संजय से सेल फोन और नगदी लूट ली।
एक महिला यात्री ने 25 हजार रुपये छुपाने की कोशिश की तो उसके साथ अभद्रता कर कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद दहशत में आए यात्री बदमाशों का विरोध करने का साहस भी नहीं जुटा सके। बदमाशों ने करीब बारह से अधिक मुसाफिरों को लूटा था।