धौलाना थाना क्षेत्र के गांव डोमा टीकरी में युवक को ईंटों से पीटकर अधमरा करने के मामले में आरोपी दो युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। दोनों आरोपियों को ग्रामीणों ने एक मकान में बांधकर रखा। आरोपियों को बांधे जाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी कुबूल कर रहे हैं कि जातीय द्वेष के चलते इन लोगों ने उस पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव डोमा टीकरी के युवक अनिल राघव के साथ पीने के दौरान हुए आपसी विवाद में पांच लोगों ने उस पर जानलेवा हमला कर धान की पुआल में बेसुध हालत में छिपा दिया था। शुक्रवार सुबह वह लहूलुहान हालत में पड़ा मिला था। उसकी पत्नी ने पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को गांव के ही कुछ लोगों ने दो आरोपियों को दबोच लिया। दोनों आरोपियों को भीड़ के साथ एक मकान के बरामदे में रस्सियों से बांध दिया गया। हालांकि बताया जा रहा है कि इस दौरान आरोपियों से मारपीट नहीं की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बंधनमुक्त कराया।
इस मामले में दो युवकों द्वारा गुनाह कबूलने का वीडियो वायरल हो रहा है। एक आरोपी प्रशांत वीडियो में कह रहा है कि अनिल राघव के साथ पीने के दौरान हुए विवाद में शामिल ग्राम सिवाया निवासी युवक कुलदीप के रिश्तेदार रिंकू द्वारा अनिल को चाचा कहने पर कुलदीप ने आक्रोशित जातीय द्वेष में उसकी कनपटी पर ईंट से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। खून से लथपथ अनिल बेहोश होकर गिर गया।
होश में आने पर अनिल कहीं आपबीती परिजनों को न बता दे। इसी डर से प्रशांत, रिंकू और कुलदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे जमकर पीटा और गांव निवासी कांति प्रसाद शर्मा की टयूबवैल के पास पड़े धान के पुआल में दबाकर फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रशांत, रिंकू उसके साले कुलदीप को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।