मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को कचहरी से मोजर बीयर गोलचक्कर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों की पहचान कानपुर के मोनू पुत्र तुलसी उर्फ श्रीपाल (24 ), गोरखपुर के राजेन्द्र उर्फ लल्लू (26), सिवान बिहार के कमेलश मिश्रा (21) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे, खोखा कारतूस, चोरी के 13,500 रुपये नकद और एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
एडिशनल डीसीपी सेंट्रल नोएडा हृदेश कठेरिया का कहना है कि पुलिस कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत चेकिंग के रही थी। इसी दौरान रात करीब नौ बजे बाइक पर बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुके और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए रेलवे पुल के नीचे से होकर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
इसमें तीनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों के पास से बरामद रुपये के संबंध में पता चला है कि यह ईकोटेक-3 और सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में हाल ही में घटित चार चोरियों से संबंधित हैं। पुलिस घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। तीनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी मोनू पर गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018 में कई चोरी और हत्या के प्रयास के मामले, 2021 में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले और हाल ही में 2025 में भी कई घटनाएं शामिल हैं।
इसी तरह आरोपी राजेन्द्र उर्फ लल्लू के खिलाफ भी विभिन्न थानों में करीब 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे शामिल हैं। 2021 में उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया था। जबकि 2023 और 2024 में भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए हैं। आरोपी कमेलश मिश्रा पर भी गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित करीब छह मुकदमे दर्ज हैं। बरामद बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि इसे कहां से चुराया गया था। यह पहले से किसी वारदात में प्रयुक्त की गई है।