जतिन के सौरभ की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। वह उसकी पत्नी से शादी करना चाहता था। सौरभ ने कई बार जतिन को पत्नी से दूर रहने के लिए कहा था, लेकिन बार-बार समझाने के बाद भी वह नहीं मान रहा था। घटना वाले दिन जतिन शादी समारोह में मौजूद था। आरोपियों ने उसकी चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। बाद में तीनों फरार हो गए थे। पुलिस ने अक्षय नामक आरोपी को कई दिनों की पड़ताल के बाद गुरुग्राम से दबोचा है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि 27 जनवरी को देर रात को लेडी हार्डिंग अस्पताल से एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि युवक की सीने में चाकू घोंपकर हत्या की गई थी। नबी करीम थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पुलिस को पता चला कि वारदात को सौरभ, उसके भाई अक्षय और कजिन रजनीकांत ने अंजाम दिया है।
जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ और उसके कजिन रजनीकांत को सुल्तानपुरी इलाके से दबोच लिया, लेकिन आरोपी अक्षय लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। पुलिस ने उसकी मां और पत्नी के मोबाइल की जांच शुरू कर दी। 30 जनवरी को एक अज्ञात नंबर से उसकी पत्नी के मोबाइल पर कॉल आया। उसकी लोकेशन गुजरात के सूरज की मिली। बात करने पर पता चला कि ट्रेन में यात्रा के दौरान अक्षय ने किसी यात्री का मोबाइल लेकर कॉल की। इसके बाद वडोदरा, गुजरात में किसी राहगीर के मोबाइल से कॉल की।
पुलिस ने मां और पत्नी को भरोसे में लेकर अक्षय को दिल्ली आने के लिए कहा। इसके बाद वह बस में सवार होकर दिल्ली आने लगा। पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम से बीच रास्ते से दबोच लिया। अक्षय भी अपने भाई सौरभ के साथ कनाट प्लेस के पालिका बाजार में टैटू आर्टिस्ट का काम करता है। पुलिस पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।