पीड़िता ने सुनवाई आपबीती
कोतवाली थाना पुलिस को महिला गीता कालोनी फ्लाईओवर के पास जख्मी हालत में मिली। 25 वर्षीय पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार हुआ। तबीयत में सुधार होने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, जानलेवा हमला करने और लूटपाट की धाराओं में मामला दर्ज किया।
ऐसे हुई आरोपी की पहचान
करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 150 ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली। आरोपी को मिंटो रोड इलाके से दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद उमेर उर्फ घोंचू (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी का ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है।
पुलिस को मिली थी लूटपाट की सूचना
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि 26 मई की रात को गीता कालोनी फ्लाईओवर लूप के पास एक महिला के साथ लूटपाट की कॉल मिली थी। पुलिस वहां पहुंची तो बिहार निवासी 25 वर्षीय महिला जख्मी हालत में मिली। उसका तीन साल का बच्चा भी वहीं पर मौजूद था। महिला को अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इलाज हुआ।
कोल्ड ड्रिंक में पिलाया नशीला पदार्थ
महिला ने बताया कि उसका पति पंजाब में रहता है। 26 मई को दिन में वह ट्रेन में सवार होकर पंजाब से दिल्ली आई थी। यहां आने के बाद उसे सदर बाजार से कुछ खरीदारी करनी थी। पीड़िता अपने बच्चे को लेकर सदर बाजार पहुंची। खरीदारी करने के बाद वह दोबारा नई रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुई।
रास्ते में चालक ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। उसे पीते ही पीड़िता अपने होश खो बैठी। आरोपी उसे गीता कालोनी फ्लाईओवर के पास सूनसान जगह पर ले गया। वहां जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला का बच्चा भी वहीं मौजूद था। विरोध करने पर आरोपी ने ईंट से हमला किया और महिला का मोबाइल समेत तीन हजार रुपये लूटकर फरार हो गया।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों को देखने के बाद कुछ संदिग्ध ई-रिक्शा चालकों की पहचान हुई। इसके बाद करीब 150 ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ के बाद आरोपी की पहचान हुई।
पुलिस ने आरोपी को काले खां तकिया, मिंटो रोड से दबोच लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपना हाथ होने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि वह पिछले साल लूटपाट की एक और वारदात में शामिल रहा है।