दिन में रिक्शा चलाते हुए दुकान व घरों में रेकी करता था और रात में अकेले ही चोरी कर लेता था। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने ऐसे ही एक चोर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से एक दुकान से चोरी किए गए 19 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 20 अप्रैल को सेक्टर-22 में एक मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दी गई थी। चोर दुकान के ऊपर बने रोशनदान से अंदर घुसा था।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो एक शख्स दिखाई दिया। जब उसकी पहचान की गई तो पता चला कि वह रिक्शा चालक है। इसके बाद आरोपी रिक्शा चालक महोबा निवासी सुरेश उर्फ देवा को गिरफ्तार किया गया।
वह मामूरा में रह रहा था। एसएचओ ने बताया कि वह अकेले ही रेकी कर चोरी करता था। पतला शरीर होने से वह ताला तोड़ने के बजाय खिड़की और रोशनदान से दुकान व घरों में घुस जाता था।