दिल्ली में पुलिस ने संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए कई गिरफ्तारी की है। टीम ने ड्रग्स, अवैध हथियार, जुआ, और सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान और तंबाकू के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने संगठित अपराध पर नकेल कसते हुए कई गिरफ्तारी की है। टीम ने ड्रग्स, अवैध हथियार, जुआ, और सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान और तंबाकू के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। 24 घंटे में की गई कार्रवाई के तहत पुलिस ने ड्रग्स, अवैध हथियार, धारदार हथियार और नकदी बरामद की है।
विज्ञापन
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि ऑपरेशन कवच के तहत जिला पुलिस ने 1076.44 ग्राम गांजा जब्त किया है। साथ ही 11 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का शराब तस्करों के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस ने 12 से 13 फरवरी के बीच चलाए गए अभियान के तहत 276.5 लीटर अवैध शराब जब्त की और 16 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस दौरान दो चाकू, एक ब्लेड, एक पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर जुआ खेल रहे तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने 64 सौ रुपये और जुआ सामग्री जब्त की है। इसके अलावा सार्वजनिक जगहों पर धूम्रपान और तंबाकू के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने इसके तहत 222 चालान किए हैं।