नोएडा में मोदी का स्टैंडअप इंडिया कार्यक्रम
- फोटो : भव्य नरेश/अमर उजाला, नोएडा
पीएम के दूसरी बार के दौरे से सेक्टर-62 चमक गया। सेक्टर के अंदर की टूटी सड़कें दुरुस्त हो गईं। सेंट्रल वर्ज व फुटपाथों की रंगाई-पुताई हो गई। इससे सेक्टरवासी काफी खुश हैं। फेडरेशन ऑफ सेक्टर-62 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एसएम सिंह कहते हैं कि दिसंबर में दौरे के समय सेक्टर की कई सड़कें दुरुस्त की गईं थीं, मगर वे फिर से टूट गईं थी।
इस सेक्टर के इंजीनियरों से मरम्मत की अपील की गई थी, मगर सुनवाई नहीं हुई, जिस दिन प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय हुआ। उस दिन से प्राधिकरण कर्मी खुद ही सड़कों की मरम्मत करने में जुट गए। सड़कों से ऊपर उठे मेनहोल को बराबर कर दिया गया।
छोटे-छोटे गड्ढे भर दिए गए। अंडरपास के निर्माण से फोर्टिस से एनएच-24 की तरफ जाने और आने का रास्ता टूट गया था। इससे लोग परेशान हो रहे थे। पीएम दौरे से उसकी भी हालत सुधर गई। सेक्टर के ज्यादातर सड़कों के फुटपाथ व सेंट्रल वर्ज को मरम्मत कर चमका दिया गया। सेक्टरवासी राजीव बजाज कहते हैं कि अगर ऐसा ही कोई वीआईपी अन्य सेक्टरों में भी आ जाए तो उनकी हालत काफी सुधर जाएगी।