स्मार्ट सिटी और अमृत योजना को शुरू हुए 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पुणे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को शहरवासी लाइव देख सकेंगे। नगर निगम ने इसके लिए तैयारियां की हैं। निगम सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।
यह जानकारी निगम स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी व एसई डीआर भास्कर ने दी। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत अभी तक 33 शहरों को चुना जा चुका है। इसी तरह से अमृत योजना के तहत देश के 500 शहरों को चुना गया है।
इन दोनों की बड़ी योजनाओं में फरीदाबाद का नाम शामिल है। स्मार्ट सिटी के तहत एक विशेष क्षेत्र को विकसित करने की योजना है। दूसरी तरफ अमृत योजना के तहत सीवर, ड्रेनेज, पार्क, ट्रांसपोर्ट आदि सेवाओं को ठीक किया जाएगा।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के निर्देश पर पुणे में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का निगम सभागार में स्क्रीन लगाकर लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए शहर के सभी आरडब्ल्यूए, एनजीओ, औद्योगिक, सामाजिक, व धार्मिक संगठनों को आमंत्रित किया गया है। लाइव प्रसारण शाम तीन बजे किया जाएगा।