मंच पर महिला सांसदों और विधायकों को पहली पंक्ति में दिया गया स्थान
प्रधानमंत्री ने रेहड़ी-पटरी वाली महिलाओं से बात की और स्वनिधि क्रेडिट कार्ड दिए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुराड़ी क्षेत्र में मेट्रो रेल और अन्य विभागों की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। कार्यक्रम में महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई। मंच पर भाजपा की महिला सांसदों और विधायकों को पहली पंक्ति में स्थान दिया गया, जबकि अधिकतर पुरुष सांसदों को दूसरी पंक्ति में बैठाया गया। पुरुष विधायकों को मंच पर स्थान नहीं मिला। पहली पंक्ति में मंच की दायीं ओर सांसद बांसुरी स्वराज के साथ नजफगढ़ से विधायक नीलम को बैठाया गया, वहीं मंच की बायीं ओर सांसद कमलजीत सहरावत के साथ ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा राय और वजीरपुर की विधायक पूनम शर्मा को स्थान दिया गया। इसके अलावा केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के मंत्री भी पहली पंक्ति में मौजूद थे।
स्वनिधि क्रेडिट कार्ड गरीबों के स्वाभिमान को मजबूत करने का जरिया
कार्यक्रम मेंं प्रधानमंत्री ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर उन्हें प्रतीकात्मक रूप से योजना कार्ड भी सौंपे। तीन-तीन महिलाओं को दो योजनाओं के कार्ड देकर उन्हें सरकार की पहलों का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम से पहले रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाली महिलाओं और छोटे कारोबारियों से भी संवाद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले डेबिट और क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं मुख्य रूप से संपन्न वर्ग तक सीमित थीं, लेकिन अब रेहड़ी और ठेले पर काम करने वाले लोगों तक भी बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्वनिधि क्रेडिट कार्ड देने का अभियान शुरू किया है। इससे उन्हें आसानी से ऋण सुविधा मिल सकेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वनिधि क्रेडिट कार्ड गरीबों के स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का नया जरिया बन रहा है। सरकार का प्रयास है कि छोटे कारोबारियों, खासकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।