अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पेपर लीक मामले में 'झूठे आश्वासन' देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस दिन पीएम ने संसद में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा किया, उसी दिन सीबीआई ने 2024 नीट पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड संजीव मुखिया को कोर्ट में निर्दोष बताया।
केजरीवाल ने बताया कि पीएम ने वीडियो जारी कर कहा था कि पेपर लीक मामलों के लिए सोमवार को संसद में फास्ट ट्रैक का कानून लाया जाएगा। बृहस्पतिवार को खबर आई कि सीबीआई ने मुखिया के खिलाफ सबूत न होने की बात कही। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि यदि मुखिया मास्टरमाइंड नहीं तो कौन है, या पेपर लीक हुआ ही नहीं? उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के तीन महीने बाद मुखिया को बेल मिल गई। केजरीवाल ने पीएम की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवा पीड़ित हैं और सरकार ने आगे पेपर लीक रोकने के कदम नहीं उठाए।