- इटली में बनी दो पिस्तौल, आठ कारतूस और कार बरामद, दोनों पर 23 आपराधिक मामले दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गिरोह के दो बदमाशों राहुल शर्मा उर्फ पचपच (31) और गौतम उर्फ बौंसर (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से इटली में बनी दो .32 बोर की पिस्तौल, आठ कारतूस, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों प्रतिद्वंद्वी गिरोह के अमित मान और उसके साथियों पर हमला करने के इरादे से दिल्ली आ रहे थे।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त नारा चैतन्य के अनुसार, 20 अक्टूबर की शाम पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी रोहतक से रानी खेड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद पुलिस ने रानी खेड़ा बस डिपो के पास घेराबंदी कर उनकी कार रुकवाई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
राहुल पर नौ और गौतम पर 14 मामले : पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी प्रेम नगर थाने के घोषित बदमाश हैं। राहुल शर्मा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे एक साल के लिए दिल्ली से निष्कासित भी किया गया था। वहीं, गौतम के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी हथियारों के दम पर इलाके में दहशत फैलाकर अपना दबदबा कायम करने की कोशिश करते थे। बरामद हथियारों और आरोपियों की गतिविधियों को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उनके पास हथियार कहां से आए और गिरोह की आगे क्या योजना थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।