गांव मुबारकपुर डबास पहुंचने पर निवासियों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं से किया सम्मान
नई दिल्ली। हैदराबाद में आयोजित 16वीं जूनियर चौकबॉल नेशनल चैंपियनशिप में नीतीश, मिलन डबास, जयंत डबास और दिव्यांश ने सोना जीता। शुक्रवार को उत्तर पश्चिम दिल्ली के गांव मुबारकपुर डबास निवासी खिलाड़ियों का गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से हिस्सा लेने आई 25 टीमों को हराकर उन्होंने खिताब हासिल किया। दिल्ली चौकबॉल एसोसिएशन, शाहदरा के कोच व जनरल सेक्रेटरी जगप्रीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
स्वर्ण पदक विजेताओं का सम्मान ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नोटों की मालाओं से किया गया और पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। इस अवसर पर चौगामा विकास समिति के महासचिव विजेंद्र डबास ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल गांव बल्कि पूरी दिल्ली और देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा भविष्य में और बड़ी सफलताएं अर्जित करेंगे। समारोह में गांव की छात्रा प्रियांशी डबास को भी सम्मानित किया गया, जिनका चयन अंडर-15 दिल्ली महिला टीम में उपकप्तान और दिल्ली प्रीमियर लीग में हुआ है। ब्यूरो