पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक पिज्जा आउटलेट में काम करता है। पिज्जा बनाने के अलावा वह उसकी डिलीवरी भी करने जाता है। इंस्टाग्राम पर रील बनाने के चक्कर में उसने तमंचे का इंतजाम कर रील बनाई। जैद को लगता था कि ऐसा करने से एरिया में उसका दबदबा भी कायम होगा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 16 जून को कमला मार्केट थाने की तुर्कमान गेट पुलिस चौकी के स्टाफ को खबर मिली कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ अपनी रील और स्टोरी अपलोड की है। फौरन पुलिस ने इस्टाग्राम की रील से आरोपी का पता लगाया। आरोपी तुर्कमान गेट का ही निवासी निकला।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को एरिया से दबोच लिया। उससे पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपने घर में तमंचा और कारतूस छिपाया हुआ है। पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर तमंचा भी बरामद कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तमंचे का सोर्स पता करने का प्रयास कर रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले तो किसी वारदात में शामिल नहीं रहा।