मुनिरका में फोटो स्टेट करने वाले तौफीक ने देशद्रोह के आरोपी शरजील इमाम की पहचान कर ली है। मंगलवार को अपराध शाखा ने उसे अपने चाणक्यपुरी स्थित कार्यालय बुलाकर पोस्टरों की फोटोकॉपी कराने वाले शरजील की पहचान कराई।
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, तौफीक ने बताया कि शरजील ने जिस भाषण की फोटो कॉपी कराई, वह भड़काऊ थे। शरजील ने तीन तरह के पांच हजार भड़काऊ व कट्टरपंथी भाषा वाले पोस्टर छपवाए थे। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए थे। कुछ अब भी वायरल हो रहे हैं।
अपराध शाखा ने पोस्टर बंटवाने में शरजील का साथ देने वाले लोगों की भी पहचान कर ली है। इन करीब 15 लोगों में से कुछ जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्र भी हैं। इनमें से 4 को मंगलवार को पूछताछ के लिए अपराध शाखा के कार्यालय में बुलाया गया था। इन लोगों ने भी पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने शरजील के साथ मसजिद और उसके आसपास के इलाके में पोस्टर बांटे थे।
अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार, अब तक पूछताछ के मुताबिक शरजील का किसी आतंकी संगठन से संबंध तो नहीं मिला है, लेकिन वह धर्म की प्रति बहुत ही कट्टर है। भड़काऊ भाषण देने के आरोप में शरजील के खिलाफ दिल्ली समेत देश में कई जगह मामले दर्ज हुए हैं।