2:30 : वकीलों की आपस में झड़प और पत्रकारों की पिटाई के बाद कोर्ट परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस वक्त कोर्ट में 400 जवान तैनात हैं। वहीं खबरें ये भी हैं कि एआईएसएफ के एक छात्र को भी चोट आई है।
2:15 PM : पटियाला हाउस कोर्ट में प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने आज एक बार फिर एक पत्रकार पर हमला कर दिया। इस हमले में फर्स्ट पोस्ट के पत्रकार तारिक अनवर घायल हो गए।
1:40 PM : पटियाला हाउस कोर्ट में आज जेएनयू के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की पेशी होनी है जिसे लेकर आज कोर्ट के बाहर वकीलों के दो गुट बन गए हैं। एक गुट कन्हैया के पक्ष में है और दूसरा उसके विरोध में।
!2:35 PM : सुप्रीम कोर्ट में आज जेएनयू मामले की सुनवाई के दौरान एक नया हंगामा खड़ा हो गया, जिसके चलते जज को केस की सुनवाई बीच में ही रोकनी पड़ी।
बता दें कि आज सुप्रीम कोर्ट में जेएनयू मामले से जुड़े एक केस की सनुवाई चल रही थी तभी कोर्ट रूम में पीछे खड़े एक शख्स ने 'वंदे मातरम' के नारे लगा दिए जिसके बाद मौजूद जज ने तुरंत कोर्ट की कार्रवाई स्थगित कर दी।
इसके बाद जज ने उक्त शख्स की पहचान करने को कहकर उसे हिरासत में लेने को कहा। हालांकि तब तक पुलिस उसे कब्जे में ले चुकी थी।
12:45 PM : यह जानना दिलचस्प होगा कि इस वकील ने कोर्ट में तो माफी मांग ली लेकिन बाहर आकर इसके सुर ही बदल गए। जब इससे पूछा गया कि क्या आप शर्मिंदा हैं तो उसने कहा नहीं मैं शर्मिंदा नहीं हूं और दोबारा वंदे मातरम के नारे लगाए।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
जानकारी के अनुसार वंदे मातरम के नारे लगाने वाला शख्स का नाम राजीव तड़क है और वो एक वकील है। उसे जब जज के सामने पेश किया गया तो उसने जज से माफी मांगी और कहा कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था।
इसके बाद कोर्ट ने उसे कोई सजा न देते हुए छोड़ दिया है। इस घटना को देखते हुए कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है।
कोर्ट ने कहा कि इस मामले की सुनवाई दोबारा दोपहर 2 बजे फिर से होगी और उस दौरान कोर्ट रूम में मात्र 5 पत्रकार मौजदू रहेंगे और कोर्ट परिसर में केवल 25 पत्रकारों को ही रहने की अनुमति है जिससे ऐसा कोई प्रकरण दोबारा ना हो।
इसके साथ ही अन्य जो लोग कोर्ट रूम में मौजूद रह सकते हैं उनमें कन्हैया के परिवार से केवल 5 लोग, जेएनयू फैकल्टी के 2 लोग, और सिर्फ 5 पुलिस वाले ही रहेंगे।
पीएम से मिले बस्सी
बता दें कि जेएनयू में शहादत दिवस मनाने वाले मुख्य आरोपी छात्र उमर खालिद व अन्य आरोपी छात्रों की गिरफ्तारी के लिए आज दिल्ली पुलिस की कई टीमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और श्रीनगर में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
वहीं आज जेएनयू मामले को लेकर व कन्हैया की गिरफ्तारी मामले में दिल्ली के पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। जहां से लौटने के बाद भी उन्होंने अपना बयान दोहराया कि उनके पास कन्हैया के खिलाफ उनके पास पुख्ता सबूत हैं।
उन्होंने कहा कि वो सबूत कोर्ट में पेश करेंगे कि कन्हैया देशद्रोह का आरोपी है। बता दें कि आईबी ने गृहमंत्रालय को अपनी रिपोर्ट में ये कहा है कि कन्हैया की गिरफ्तारी कुछ अफसरों की जल्दबाजी के कारण हुई है और वो देशद्रोह के मामले में संलिप्त नहीं है।