राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना के तहत आगामी दिनों में दवा वितरण के लिए फॉर्मासिस्ट होना जरूरी नहीं होगा। यह कहना है राष्ट्रीय फॉर्मासिस्ट एसोसिएशन के महासचिव भूपेंद्र कुमार का।
उन्होंने बताया कि आगामी 29 नवंबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर सभी राज्यों से विभिन्न संगठन एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इसमें यूपी, राजस्थान, हरियाणा, एमपी, दिल्ली सहित तमाम राज्यों के फॉर्मासिस्ट शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सरकार सूची-के को लेकर फॉर्मासिस्ट का अस्तित्व ही खत्म करने जा रही है। अभी तक ग्रामीण अंचलों में सरकार आशा और एएनएम को छह माह का कोर्स कराकर फॉर्मासिस्ट्स का कार्य कराने की योजना लागू कर चुकी है। अब शहरी क्षेत्रों में भी इसे लागू किया जा रहा है।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी पद पर आयुष डॉक्टर और नर्सों को रखा जा रहा है जबकि देश में हर साल चार लाख से ज्यादा फॉर्मासिस्ट डिग्री लेकर पास हो रहे हैं। ऐसे में रोजगार उपलब्ध कराने की जगह सरकार फॉर्मासिस्ट को बेरोजगार बना रही है।