नई दिल्ली। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) से सितंबर 2026 में एमडी, एमएस और डिप्लोमा पूरा करने वाले छात्रों को कॉलेज में ही रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा। कॉलेज प्रशासन ने इन छात्रों को अधिकतम 89 दिन तक सेवाएं देने का मौका दिया है। इस संबंध में कॉलेज ने नोटिस जारी किया है।
कॉलेज ने यह फैसला अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों की कमी से क्लीनिकल सेवाएं प्रभावित न हों उसको देखते हुए लिया है। चयनित पास आउट छात्रों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल दस के अनुसार वेतन के साथ नियमानुसार भत्ते दिए जाएंगे। पीजी छात्र रेजिडेंट के रूप में काम करने के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें कार्यकाल पूरा होने तक कॉलेज की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास को बरकरार रखने की अनुमति होगी। इस दौरान आवास पर वही नियम और शर्तें लागू रहेंगी जो पीजी पाठ्यक्रम के दौरान लागू थीं। ब्यूरो