आगरा पुलिस की ओर से डीएलएफ फेज-3 यू ब्लॉक स्थित पीजी में नाइजीरियन युवक की गिरफ्तारी को लेकर हुई छापेमारी के बाद गुरुग्राम पुलिस की अलर्ट हो गई। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने पीजी में अवैध तरीके से विदेशी युवक को ठहराने के आरोप में बुधवार को कार्रवाई करते हुए पीजी संचालिका दीक्षा सक्सेना के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि महिला को निजी मुचलके पर जमानत मिल गई लेकिन पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। एसीपी डीएलएफ करन गोयल ने बताया कि इस मामले के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में विदेशी नागरिकों के ठिकानों वाले पीजी पर निगरानी रखी जा रही है।
डीएलएफ फेज-3 थाना प्रभारी निरीक्षक रामकुमार के मुताबिक आगरा पुलिस की कार्रवाई के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार रात को पीजी में जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि पीजी संचालिका ने इस संबंध में पुलिस को कोई जानकारी साझा नहीं कर रखी थी कि उसके पीजी में बीते छह माह से विदेशी नागरिक रह रहा है। पीजी का रिकॉर्ड तलब करने के बाद सामने आई खामियों के मद्देनजर पुलिस ने बुधवार को आरोपी महिला संचालिका के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आगरा पुलिस की छापेमारी के दौरान दो कमरों में ही लोग मिले जबकि अन्य कमरे बंद मिेले। पुलिस को आशंका है कि इन कमरों में भी विदेशी नागरिकों का ठहराव है। इस संबंध में पुलिस जांच में जुटी हुई है।
सभी पीजी की होगी जांच
विदेशी नागरिकों को बिना पंजीकरण के ठहराए जाने की बात सामने आने के बाद एसीपी डीएलएफ करन गोयल ने अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि वे अपने क्षेत्र में संबंधित पीजी का रिकॉर्ड खंगाले। एसीपी के मुताबिक विदेशी नागरिकों के संबंध में पीजी/गेस्ट हाउस और होटल मालिक उनके पासपोर्ट की कॉपी संबंधित थाने में जमा कराएं। इसके अलावा अपने पास भी रिकॉर्ड में रखे। अगर कहीं पर ऐसी कमी पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।