दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक स्तर 2022-23 में स्नात्तक स्तर के दाखिले की आवेदन प्रक्रिया बीते सोमवार से जारी है। अब विद्यार्थियों को स्नाकोत्तर स्तर पर दाखिला प्रक्रिया का इंतजार है। विद्यार्थियों का यह इंतजार इस सप्ताह खत्म हो सकता है। प्रशासन दो से तीन दिन में पीजी दाखिला शेड्यूल को आधिकारिक रूप से जारी करने की तैयारी कर रहा है। इसमें दाखिला प्रक्रिया कैसी होगी, दाखिला पोर्टल कब शुरू होगा, इसके संबंध में जानकारी जारी की जाएगी।
पीजी में दाखिले के लिए अक्तूबर के तीसरे सप्ताह के अंत में पहली मेरिट लिस्ट जारी होने की संभावना है। डीयू दाखिला से जुड़े अधिकारी के अनुसार स्नातक (यूजी) कोर्सेज के दाखिले की तरह ही पीजी कोर्सेज के दाखिले में भी ऑनलाइन डीयू दाखिले पोर्टल पर होंगे। दाखिले के लिए छात्रों को पोर्टल पर जाकर लॉग इन करना होगा। दो से तीन में आधिकारिक रुप से दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल जारी किए जाने की तैयारी की जा रही है। मालूम हो कि स्नातकोत्तर स्तर के 70 से अधिक पाठ्यक्रम की करीब 20 हजार सीटें हैं। बीते साल की तरह भी इस साल डीयू स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिला दिल्ली यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (डीयूईटी) के माध्यम से करेगा। इसे एनटीए की ओर से आयोजित किया गया था।
डीयू में अब तक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की 50 फीसदी सीटों पर प्रवेश परीक्षा के जरिए जबकि अन्य 50 फीसदी सीटों पर डीयू से स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर दाखिला मिलता है। दाखिले के लिए छात्रों को पोर्टल पर जाकर लॉग इन करना होगा। दाखिले की स्वीकृति हो जाने के बाद छात्रों को डीयू दाखिला पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फीस जमा करानी होगी। विद्यार्थियों को उनके डैशबोर्ड पर सभी तरह की जानकारी मिल जाएगी।