पुरानी दिल्ली इलाके में पार्किंग की समस्या से अब जल्द निजात मिलेगी। उत्तरी दिल्ली एमसीडी ने चर्च मिशन रोड, चांदनी चौक, नॉवेल्टी सिनेमा समेत अन्य क्षेत्रों में पार्किंग सुविधाओं में सुधार और विस्तार करने का खाका तैयार किया है। इसे लेकर एमसीडी के पदाधिकारियों ने पुरानी दिल्ली इलाके की पार्किंग की समस्या को लेकर शनिवार को निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद स्थायी समिति की अध्यक्ष वीना विरमानी ने बताया कि एमसीडी का उद्देश्य पुरानी दिल्ली क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करना है। हमारी प्राथमिकता इलाके की सभी पार्किंग स्थानीय मार्केट एसोसिएशन को उचित दरों पर दिए जाने की है, ताकि पार्किंग स्थल का बेहतर रूप में संचालन करने के साथ ही बेहतर रखरखाव किया जा सके।
आम लोगों के लिए जनसुविधाएं भी विकसित हो सकें। स्थानीय जरूरतों के साथ बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। विरमानी ने चर्च रोड स्थित पार्किंग एरिया में रैंप बनाने का निर्देश दिया। यहां 500 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा है, इसे बढ़ाकर एक हजार करने की योजना है।
नॉवेल्टी सिनेमा की पुरानी इमारत के स्थान पर पार्किंग बनाने का पहले से ही प्रस्ताव है। गांधी मैदान पार्किंग की सुविधा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप में होनी है। हनुमान मंदिर के पास स्टैक पार्किंग की व्यवस्था करने की योजना है। ईदगाह पार्किंग के लिए भी टेंडर जारी किया गया है।