जाफराबाद-मौजपुर में सोमवार सुबह से ही धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों से लोगों से घरों से निकलने की अपील की जा रही थी। पुलिस की नजरों के सामने ही भड़काऊ बयानबाजी कर लोगों को उकसाया जा रहा था, लेकिन उसने किसी भी पक्ष को रोकने का प्रयास नहीं किया।
मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास बने एक धार्मिक स्थल से लाउडस्पीकर पर लगातार भड़काऊ भाषण दिए जा रहे थे। दूसरी तरफ, सीलमपुर में धरनास्थल से दूसरा पक्ष अपने लोगों से घरों से निकलने की अपील कर रहा था। दोनों तरफ से अपील के बाद दोनों मेट्रो स्टेशनों के पास भारी भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ पहुंचने के बाद उसे काबू कर पाना पुलिस के लिए भी था। देखते ही देखते दोनों तरफ की भीड़ उग्र हो गई और बैरिकेड तोड़ने पर उतारू हो गई।
वहीं, लाउडस्पीकर के साथ-साथ हिंसा वाले इलाके में तेज आवाज में डीजे बजाकर लोगों को उकसाया जा रहा था। डीजे पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले गानों के बाद भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी। एक-दूसरे के विरोध में चल रहे नारों के बीच स्थिति तनावपूर्ण होती जा रही थी।