आतिशी ने आगे कहा कि आज भाजपा के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में भाजपा के गुंडों ने जल बोर्ड के ऑफिस पर हमला कर तोड़फोड़ की। छत्तरपुर स्थित जलबोर्ड ऑफिस पर हुए हमले की वीडियो में लोग भाजपा का पटका पहने, रमेश बिधूड़ी के नारे लगाते नजर आए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भाजपा और एलजी शासित दिल्ली पुलिस जल बोर्ड ऑफिस में हुए हमले पर संज्ञान लेते हुए रमेश बिधूड़ी और गुंडागर्दी करते लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी?
आतिशी ने कहा कि दिल्ली में हीटवेव चल रही है और इस दौरान दिल्लीवालों को परेशान करने में जल संकट की स्थिति पैदा करने में भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्लीवालों को परेशान करने के लिए षड्यंत्र कर रही है, इसके तीन हिस्से हैं। आतिशी ने कहा कि, षड्यंत्र के पहले हिस्से में भाजपा अपनी शासित हरियाणा सरकार से दिल्ली के हिस्से का पानी रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि, आज वजीराबाद बैराज पर पानी नहीं है। मुनक नहर से 1050 के बजाय 900 क्यूसेक पानी मिल रहा है। ऐसे में अगर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी पहुँचेगा ही नहीं तो दिल्लीवालों को सप्लाई का पानी कैसे मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि आज जितना भी पानी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आ रहा है और वहां से यूजीआर तक जा रहा है, लोगों के घरों में जा रहा है। वहां ये कैसे होता है कि रोज भाजपा के नेता उस मेन पाइपलाइन के पास फोटो खिंचवाने पहुंच जाते है? उन्होंने कहा कि सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से दक्षिणी दिल्ली को पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइपलाइन को कल जानबूझकर तोड़ा गया। उसके बड़े बोल्टो को काट कर निकाला गया। इस वजह से आज दक्षिणी दिल्ली के कई हिस्सों में पानी नहीं पहुँच पाया। आतिशी ने कहा कि, क्या ये ख़ुद ब खुद हो गया या भाजपा के षड्यंत्र का दूसरा हिस्सा है? जिसके तहत पानी की पाइपलाइनो को नुक़सान पहुँचाया जा रहा है। क्योंकि जब पानी की पाइपलाइन टूटेगी और दिल्ली जल बोर्ड के लोग उसकी मरम्मत करने जाएंगे तो 5-6 घंटे तक पानी की सप्लाई को रोकना पड़ेगा और लोग परेशान होंगे।