नोएडा में फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने के गोरखधंधे को लोगों ने बंद करा दिया है। खबर छपने के बाद हरकत में आए स्थानीय निवासियों ने दुकान को बंद कराया और आधार कार्ड बना रहे युवकों को भगा दिया।
दरअसल, बिशनपुरा गांव में पिछले कई दिनों से बिना दस्तावेजों के भी आधार कार्ड बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। तीन युवकों की टीम 300 रुपये में बिना दस्तावेजों के आधार कार्ड बना रही थी। इस खबर के अमर उजाला में प्रमुखता प्रकाशित होने के बाद स्थानीय लोगों को इस फर्जीवाडे़ की जानकारी मिली।
इसके बाद लोगों ने युवकों को दुकान से भगा दिया और चेतावनी दी कि दोबारा ऐसा करने पर पुलिस में शिकायत की जाएगी। कांग्रेस नेता रामकुमार तंवर ने बताया कि लोगों को आधार कार्ड बनाने संबंधी जानकारी नहीं होने का युवक फायदा उठा रहे थे।
युवकों ने बताया था कि उन्हें आधार कार्ड बनाने का जिम्मा सौंपा गया है और वो लोग दिल्ली से आए हैं। तंवर ने बताया कि युवकों को एक स्थान मुहैया करवाया गया था। यदि लोगों को उनके फर्जीवाड़े की जानकारी होती तो उन्हें प्रवेश ही न करने देते। युवकों ने आधार कार्ड संबंधी मशीन मुंबई से मिलने की बात कही थी।
आधार कार्ड बनाने के लिए पैसे न दें
आधार कार्ड बनवाने की कोई फीस नहीं है। ये सरकार की ओर से मुफ्त बनाया जाता है। इसके कारण आधार कार्ड बनवाने के बदले किसी को राशि न दें। जो भी आधार कार्ड बनाने के लिए पैसे मांगता है, उसकी शिकायत करें।