शाहबेरी गांव में शुक्रवार को बचाव कार्य चल रहा था। दूसरी तरफ लोगों ने सरिया और तार चोरी करना शुरू कर दिया। चोरी करने वालों में सबसे ज्यादा छोटे-छोटे बच्चे थे। हालांकि, बाद में पुलिस ने चोरी करने वालों लोगों को खदेड़ा। बचाव कार्य समाप्त होने के बाद वहां पर एक पीसीआर भी तैनात की गई है।
दरअसल, दोनों बिल्डिंग के मलबे से काफी सरिया निकला है। साथ ही, छह मंजिला बिल्डिंग में बिजली उपकरणों की फिटिंग भी हो चुकी थी। शुक्रवार को बचाव कार्य अंतिम दौर में था। एनडीआरएफ की टीम हट चुकी थी।
केवल जेसीबी से मलबा हटाने का काम चल रहा था, तभी छोटे-छोटे बच्चे वहां सरिया चोरी करने में सक्रिय हो गए। जिस जगह पर मलबा डाला जा रहा था, वहां देखते ही देखते सरिया चोरी करने वाले की भीड़ लगी गई। घटनास्थल से कुछ बच्चे तार चोरी कर रहे थे। एक बच्चे ने बताया कि तार में कॉपर है जो 100 रुपये किलोग्राम बिकता है।