फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधानसभा चुनाव लाइवः पटपड़गंज के लोगों को सुविधाओं की दरकार

Mon, 20 Jan 2020 06:01 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
पटपड़गंज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

रविवार, शाम 4:00 बजे का वक्त था। पटपड़गंज इलाके के ईस्ट विनोद नगर में एक दुकान पर चाय उबल रही थी। उसके साथ खड़े महेश बाबू ने अपने साथ वालों से पूछा, इस बार किसे वोट दे रहे हो? काम तो हुआ नहीं है। सड़कों का हाल भी वैसा ही है। पानी बरस जाए तो बस निकलना ही बंद। तभी वहां मौजूद अंशु बोले...हालत तो खैर खराब ही है। 

विज्ञापन


घरों में साफ पानी नहीं मिल रहा। कभी सीवर जैसी बदबू आती है तो कभी मिट्टी। चाय की दुकान वाले सुंदर सिंह ने बातचीत में काउंटर किया। ऐसा नहीं है, इस बार देखना मनीष सिसोदिया पिछले से ज्यादा वोटों से जीतेंगे। तभी विक्रम कुमार ने कहा कि 11 तारीख का इंतजार कर लो, जब परिणाम आएंगे तो पता चलेगा मनीष सिसोदिया कहां चले गए। दिल्ली चुनाव को लेकर इस तरह चर्चाएं आम है। रविवार को ‘अमर उजाला’ की टीम ने पटपड़गंज इलाके में दौरा कर जाना सियासी हाल।

विक्रम कुमार पूछते हैं, पटपड़गंज में क्या नहीं है? जो है ये कब बना? सबसे ज्यादा विकास छह-सात साल ही पहले हुआ। इसके बाद न कोई इमारत बनी न कोई सड़क। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की सफाई व्यवस्था सबसे बेकार है। इसी बीच तपाक से चाय वाले सुंदर सिंह ने कहा...अरे भैया पहले अस्पतालों में इलाज नहीं मिल पाता था, अब मोहल्ला क्लीनिक में ही सब मिल जाता है। मेरे बच्चे स्कूल जाते हैं, वे बताते रहते हैं वहां के बारे में। ऐसा नहीं है काम नहीं हुआ है। 
विज्ञापन


तभी वहां एक पत्थर पर बैठे श्याम चाय की चुस्कियां लेते हुए बोले...भैया हम तो अपने पहाड़ वाले को ही वोट देंगे। इस पर महेश पूछते हैं, कौन से पहाड़ वाले? उंगलियों से इशारा करते हुए बोले कि दो-दो हैं चुनावी मैदान में। सुंदर लाल बोले...हां तो क्या हुआ? हमारे तो दोनों ही अपने हैं। विक्रम कहते हैं कि वोट तो एक को ही दे सकोगे। फिर सुंदर बोलते हैं परिवार में पांच लोग हैं, आधे-आधे कर लेंगे। इस पर सब जोरों से हंसने लगे। 

दरअसल, वर्तमान विधायक उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से चुनाव में उतरे हैं। भाजपा ने रवि नेगी और कांग्रेस ने लक्ष्मण रावत को उनके खिलाफ उतारा है। रवि नेगी विनोद नगर से पार्षद हैं और लक्ष्मण रावत कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। ये क्षेत्र उत्तराखंड और पूर्वांचल बहुल माना जाता है। यहां करीब 24 फीसदी मतदाता पहाड़ी इलाकों से हैं।

लक्ष्मण रावत गढ़वाल क्षेत्र से हैं, जबकि रवि नेगी कुमाऊं और गढ़वाल के बीच दुसान क्षेत्र से हैं। कुमाऊं से एक वर्तमान पार्षद मनीष सिसोदिया के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। 2015 में भाजपा ने आप के तत्कालीन बागी विधायक विनोद कुमार बिन्नी को सिसोदिया के खिलाफ मैदान में उतारा था, लेकिन वह चुनौती तो दूर सिसोदिया का मत प्रतिशत बढ़ने से भी नहीं रोक सके थे।

विज्ञापन

मुकाबला और समीकरण

इनमें सीधी टक्कर
आप मनीष सिसोदिया
भाजपा रवि नेगी
कांग्रेस लक्ष्मण रावत

2015 में किसे मिले कितने वोट
पार्टी प्रत्याशी        कुल वोट    फायदा/नुकसान
आप मनीष सिसोदिया        75243 +12.05
भाजपा विनोद कुमार बिन्नी        46716 +1.12
कांग्रेस अनिल कुमार        16260 -11.67

पटपड़गंज विधानसभा
लोकसभा सीट : पूर्वी दिल्ली
कुल मतदाता : 214338
पुरुष : 121069
महिलाएं : 93253
किन्नर : 16

कहां का कितना फीसदी वोटर
पहाड़ी क्षेत्र : 24 फीसदी
पूर्वांचली : 23 फीसदी
एससी : 13 फीसदी
गुर्जर : 8 फीसदी
वैश्य : 6 फीसदी
मुस्लिम : 13 फीसदी
अन्य मिश्रित वोटर।
नोट : आंकड़े चुनाव कार्यालय के अनुसार दिए गए हैं।

-1993 में पटपड़गंज विधानसभा बनी। 2008 में परिसीमन के बाद मंडावली का कुछ हिस्सा और बढ़ा।
-1993 से अब तक भाजपा का एक, कांग्रेस के तीन और आम आदमी पार्टी के 2 बार विधायक रह चुके हैं।
-सड़क, पीने का पानी, स्वास्थ्य, स्कूल और स्वच्छता से जुड़े यहां के बड़े मुद्दे हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें