फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली विधानसभा चुनावः सत्ता के लिए वादे पूरे करने की गारंटी, कांग्रेस बोली जुमला तो बीजेपी झूठ

Mon, 20 Jan 2020 05:24 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनावी ट्रंप कार्ड खेलते हुए दिल्ली में लोगों को मुफ्त दी जा रही सभी सुविधाओं को अगले पांच साल तक जारी रखने की गारंटी दी है। केजरीवाल ने रविवार को गारंटी कार्ड पेश किया, जिसमें 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, पानी और बस यात्रा सहित 10 महत्वपूर्ण सुविधाओं को शामिल किया है।

विज्ञापन


उन्होंने इस बात की भी गारंटी दी है कि महिला सुरक्षा के लिए बसों में तो मार्शल तैनात है अब मोहल्ला में भी इनकी तैनाती होगी, वहीं छात्रों को भी बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। 

पार्टी मुख्यालय पर गारंटी कार्ड लांच करते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली की जनता से वादा किया कि जो-जो गारंटी दी है, सरकार बनने पर उन्हें पांच साल के अंदर लागू किया जाएगा।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि सरकार में आने पर 200 यूनिट मुफ्त बिजली, 20 हजार लीटर हर माह मुफ्त पानी, महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा समेत मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं अगले 5 साल तक जारी रहेंगी। 

केजरीवाल ने जनता को आगाह किया कि भाजपा व कांग्रेस के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह पार्टी का घोषणा पत्र नहीं है। घोषणा पत्र अभी जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी घोषणापत्र के तमाम वादों को पूरा किया था।  

हो सकता है कि घोषणापत्र में डॉक्टरों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, ठेका मजदूरों और सफाई कर्मचारियों के अलग-अलग मुद्दे हों, परंतु गारंटी कार्ड में तमाम ऐसे मुद्दे शामिल हैं, जो दिल्ली के हर व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करते हैं। गारंटी कार्ड पर मुख्यमंत्री का हस्ताक्षर भी है। 

आप के गारंटी कार्ड को कांग्रेस ने बताया जुमला कार्ड

subhash chopra - फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप अपनी संभावित हार से हताश होकर गारंटी कार्ड जारी कर रही है। दिल्लीवासियों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने इसे जुमला कार्ड करार दिया है।

पार्टी की ओर से जारी बयान में चोपड़ा ने गारंटी कार्ड में किए गए 10 वादों की कलई खोलते हुए कहा कि एक तरफ केंद्र और दिल्ली सरकार हाईटेंशन बिजली लाइन के नाम पर अनधिकृत कॉलोनियों को धारा-सात ए के तहत नियमन से बाहर रख रही है तो दूसरी तरफ जनता के बढ़ते विरोध को रोकने के लिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

चोपड़ा ने सीएम केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के कार्यकाल में दिल्ली में एक भी नया विश्वविद्यालय नहीं बनाया गया। 20 कॉलेज खोलने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। दिल्ली को दूषित पानी पिलाने वाले केजरीवाल अब कांग्रेस की कैश बैक योजना से बौखलाकर फिर पानी की बात कर रहे हैं। अनधिकृत कालोनियों में पीने का पानी अभी भी नहीं है और न ही ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया।

वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में चरमराई सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, दिल्ली मेट्रो के कार्य की धीमी रफ्तार, यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने में भी दिल्ली सरकार नाकाम रही। झुग्गीवालों को मकान देने की कांग्रेस के कालकाजी मॉडल से भी केजरीवाल सरकार की परेशानी बढ़ गई है। नरेला में 32000  मकान बने हैं, लेकिन आवंटन नहीं किए गए। अनाधिकृत कालोनियों में सड़क निर्माण के नाम पर 8000 रुपये भ्रष्टाचार के हवाले कर दिया। 

आप के गारंटी कार्ड को भाजपा ने 10 नए झूठ की गारंटी बताया

सांसद एवं दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी - फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी के कारंटी कार्ड को भाजपा ने दस नए झूठ की गारंटी बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज  तिवारी ने कहा कि गारंटी कार्ड से जारी होने से साबित हो गया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पांच साल में एक भी वादे को पूरा नहीं किया। दिल्ली की जनता अपने मुख्यमंत्री से जानना चाहती है कि वो दस कामों की गारंटी देने से पहले उन 70 वादों का हिसाब दें जो उन्होंने पिछले चुनाव में किए थे।

तिवारी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दिल्ली की जनता से 70 वादे तो किए, लेकिन जब पूरा करने की बारी आई तो नए वादे करके गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। घोषणा पत्र जारी करने से पहले उन कामों की गारंटी दे रहे हैं जो पांच साल में नहीं हो सके।

मुख्यमंत्री जनता को बताएं कि 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने के लिए बिजली कंपनियों से मार्च तक ही देने को क्यों कहा है। तारों के जंजाल पांच साल में क्यों नहीं दूर हुआ। दिल्ली में स्वच्छ पीने का पानी क्यों नहीं दे पाए।  शिक्षा को लेकर क्रांतिकारी परिवर्तन की बात करने वाले मुख्यमंत्री बताएं कि 500 नए स्कूल और 20 नए कॉलेज दिल्ली में कहां है।

मोहल्ला क्लीनिक और अस्पतालों की हालत पांच साल में क्यों नहीं सुधारी। आयुष्मान भारत योजना के लाभ से दिल्ली की जनता को आज तक क्यों वंचित रखा हैं। केजरीवाल दिल्लीवासियोें को लास्ट माइल कनेक्टिविटी व  प्रदूषण की समस्या से निजात क्यों नहीं दिला पाए। 
विज्ञापन

क्या हैं दस गारंटी

1. बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि गारंटी देता हूं कि अगले 5 साल तक भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। विपक्ष आरोप लगाता है कि मार्च के बाद 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना बंद हो जाएगी, लेकिन मैं गारंटी देता हूं कि जब तक केजरीवाल है, तब तक 200 यूनिट मुफ्त बिजली मिलती रहेगी। तारों का जाल, हाईटेंशन लाइनें जहां से गुजर रही हैं, वहां की समस्या दूर की जाएगी। 

2. पानी
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के 93 प्रतिशत हिस्से में पानी की नई पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। अगले 5 सालों में घर-घर तक 1 टूंटी के जरिए 24 घंटे स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाया जाएगा, वहीं प्रति माह 20,000 लीटर पानी मुफ्त दिया जाएगा।

3. शिक्षा
दिल्ली में जो भी बच्चा पैदा होगा उसकी  प्राथमिक शिक्षा से लेकर ग्रेजुएशन तक बेहतर शिक्षा प्रदान कराने की गारंटी सरकार की है। बच्चा सरकारी स्कूल में पढ़े या प्राइवेट में, उसे बेहतर शिक्षा मुहैया कराने की जिम्मेदारी है। शिक्षा के क्षेत्र में जो भी कमियां रह गई हैं उन सभी को दूर किया जाएगा। 

4. चिकित्सा
दिल्ली के हर व्यक्ति को चाहे वह गरीब है या अमीर, उसे बेहतर एवं मुफ्त चिकित्सा मिलेगी। कई नए अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक खोले जा रहे हैं। मौजूदा अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है। अस्पतालों में 15,000 बेड बढा़ए जा रहे हैं। 

5. यातायात
दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय स्तर की यातायात व्यवस्था के साथ ही छात्रों को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। जल्द ही 11000 बसें दिल्ली की सड़कों पर होंगी। 500 किलोमीटर से भी अधिक  का मेट्रो का नेटवर्क तैयार होगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि महिलाएं अपने घर से दफ्तर, कॉलेज और वापस अपने घर तक सुरक्षित पहुंचे। 

6. स्वच्छ हवा
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण की समस्या को खत्म किया जाएगा। प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए 2 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को ठीक किया जाएगा। वैक्यूम क्लीनर के जरिए धूल मिट्टी से सड़कों को साफ किया जाएगा।

7. स्वच्छ होगी यमुना 
अगले पांच साल में यमुना का पानी स्वच्छ बनाना है। कचरा, गंदगी, मलबा, कूड़े के पहाड़ की सफाई होगी। सीवर को साफ करना है। दिल्ली को स्वच्छता में अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाना है। उन्होंने कहा, इसमें समय लगेगा लेकिन अगले 5 साल के अंदर गारंटी है कि दिल्ली को चमका दिया जाएगा। 

8.महिला सुरक्षा
मोहल्लों में महिला सुरक्षा के लिए मार्शल तैनात करेंगे। महिला सुरक्षा के लिए डेढ़ लाख सीसीटीवी कैमरे लग गए हैं और डेढ़ लाख लगाने का काम चल रहा है। दिल्ली के कोने-कोने में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चल रहा है। बसों के साथ ही स्थानीय क्षेत्रों में भी मोहल्ला मार्शल की तैनाती की जाएगी। 

9. कच्ची कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाएं
कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को सभी सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं। केजरीवाल ने कहा कि, हर कच्ची कॉलोनी में सड़क, नाली, पानी, सीवर, मोहल्ला क्लीनिक और सीसीटीवी कैमरा मुहैया कराने की मैं गारंटी देता हूं। 

10. झुग्गी के लोगों को पक्का मकान
केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में बड़ी तादाद में लोग झुग्गी में रहने को मजबूर हैं। मैं इसकी गारंटी देता हूं कि अगले पांच साल में उन्हें पक्का मकान दिया जाएगा। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें