दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में आए विदेशी जमातियों पर शिंकजा कसना शुरू कर दिया है। अपराध शाखा ने सभी 850 विदेशी जमातियों को सीआरपीसी के तहत नोटिस भेजकर पांबद कर दिया है।
दूसरी तरफ तब्लीगी मरकज के मौलाना मोहम्मद साद अभी भी जामिया नगर के जाकिर नगर में अपने रिश्तेदार के यहां परिवार सहित रह रहे हैं। अपराध शाखा ने उन ट्रेवल एजेंटों से पूछताछ की है, जिन्होंने विदेशी जमातियों को भारत आने में उनकी सहायता की थी।
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तब्लीगी मरकज में आए सभी 850 विदेशी जमातियों से पूछताछ हो गई है। इनके कागजात जब्त कर लिए गए हैं। जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा तो आना होगा, या फिर कोर्ट में बुलाया जाएगा तो उन्हें कोर्ट में पेश होना होगा। हालांकि अभी किसी भी विदेशी जमाती को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
दूसरा नोटिस देने के बाद माना जा रहा है कि अपराध शाखा किसी को गिरफ्तार नहीं करेगी। अब पुलिस की जांच गृहमंत्रालय के आदेश पर भी टिकी है। किसी भी विदेशी जमाती को कोविड सेंटरों से छोड़ने का बृहस्पतिवार तक आदेश नहीं हुआ था।
फिलहाल सभी जमाती दिल्ली में बनाए गए विभिन्न सेंटरों में करीब दो महीने से रह रहे हैं। उधर, अपराध शाखा के अधिकारियों का कहना है कि मौलाना साद जाकिर नगर में ही है। हालांकि यह नहीं बताया कि वह ऐसा किस आधार पर बता रहे है। मौलाना साद की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट अभी तक अपराध शाखा को नहीं सौंपी गई है।