राजधानी दिल्ली में भाजपा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार पर जमकर हमला बोला। केजरीवाल पर राजनीतिक लाभ के लिए बच्चों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और उन पर 'सस्ती और गंदी' राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि दिल्ली की सत्तारूढ़ पार्टी ने उस पोस्ट को नहीं हटाया है, जिसमें कुछ बच्चों को केजरीवाल के समर्थन में नारे लगाते हुए दिखाया गया है, जबकि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस मामले पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बच्चों का ऐसा चित्रण किशोर अधिनियम और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।
पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना की घोषणा
दरअसल सोमवर को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना की घोषणा करते हुए कहा था कि देश में पहली बार हम उनकी सहायता के लिए योजना शुरू कर रहे हैं। उन्होंने बताया था कि मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे और वहां पुजारियों-ग्रंथियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। आप कार्यकर्ता और नेता शहर भर के अन्य मंदिरों और गुरुद्वारों में भी पंजीकरण की शुरुआत करेंगे।
योजना के एलान के बाद पूर्व सीएम केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि भाजपा से हाथ जोड़कर विनती है कि जैसे उन्होंने हमारी महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना को रोकने का प्रयास किया, कम से कम पुजारियों और ग्रंथियों के लिए शुरू की जा रही इस योजना को रोकने की कोशिश न करे। ऐसा करने से भाजपा को बहुत बड़ा पाप लगेगा। पुजारी और ग्रंथी हमारे और भगवान के बीच में एक ब्रिज का काम करते हैं। यह योजना समाज के प्रति उनके आध्यात्मिक योगदान और हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उनके प्रयासों के प्रति श्रद्धांजलि है।
संदीप दीक्षित का आम आदमी पार्टी पर हमला
दिल्ली में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि आम आदमी पार्टी की तरफ से उन पर निजी हमले किए गए हैं। संदीप दीक्षित ने कहा कि मेरी माताजी पर हमले किए गए हैं। आम आदमी पार्टी ने कई झूठे आरोप लगाए हैं।