डबुआ कॉलोनी एयरफोर्स रोड स्थित नगर निगम के वार्ड नंबर 7-8 में सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। इसे लेकर बुधवार को लोगों ने एयरफोर्स 60 फुट रोड पर करीब चार घंटे तक जाम लगा दिया। लोगों ने निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनआईटी विकास मंच के अध्यक्ष अनूप शर्मा ने कहा कि लगभग दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के दोनों तरफ पांच सौ से ज्यादा दुकानें हैं। स्थानीय दुकानदार कई बार निगम अधिकारियों एवं विधायक से संपर्क कर चुके हैं, लेकिन उन्हें आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। मजबूरन दुकानदार सड़क पर उतर आए।
पानी भरने से परेशान लक्ष्मी, नानक, बिट्टू और सुमित्रा आदि ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण काफी दिनों से सीवर लाइन जाम पड़ी है। लोगों को गंदे पानी में से होकर आना-जाना पड़ता है।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब नगर निगम के एसडीओ आनंद स्वरूप मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें पानी में खड़े होकर बात करने को कहा, तो उन्होंने गंदे पानी में उतरने से मना कर दिया।
इसी दौरान वहां धक्का मुक्की का माहौल बन गया, जिसमें एक दुकानदार गिर पड़ा। दुकानदारों का कहना था कि एसडीओ ने उस दुकानदार को धक्का देकर गिराया, जबकि एसडीओ का कहना था कि प्रदर्शनकारियों ने उन्हें गंदे पानी में गिराने का प्रयास किया।