डॉक्टरों की अनदेखी के कारण बुधवार को दो गर्भवती महिलाओं ने ही एंबुलेंस में बच्चों को जन्म दिया। दोनों महिलाओं को बल्लभगढ़ एम्स अस्पताल से बिना देखे बीके अस्पताल के लिए रेफर किया गया था।
इनमें से एक महिला बीके अस्पताल में भर्ती है, जबकि एक महिला के बच्चे की मौत हो गई। इस बारे में पीएमओ डॉ. किशन कुमार ने बताया कि बल्लभगढ़ से महिलाओं को बिना जांच भेज दिया जाता है। जिसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
झाड़सैंतली निवासी प्रदीप ने बताया कि बुधवार सुबह वह पत्नी बिंदू को बल्लभगढ़ अस्पताल ले गया। यहां काफी देर भटकने के बाद भी डॉक्टरों ने उसकी पत्नी की जांच नहीं की। दो घंटे बाद डॉक्टरों ने उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया।
जब वह बीके अस्पताल आ रहा था तो बाटा चौक पर ही एंबुलेंस में उसके बच्चे का जन्म हो गया। वहीं बल्लभगढ़ निवासी एक महिला को सुबह 9 बजे बीके अस्पताल लाया गया था। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे का जन्म रास्ते में ही चुका था। लेकिन बच्चे की जान नहीं बची।