मॉडल टाउन के एक स्कूल में बेघर लोगों के लिए रैनबसेरा बनाया गया है। इस रैन बसेरे में रह रहे लोग आसपास के इलाकों में घूमते रहते हैं। इससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रैनबसेरे में रह रहे कुछ लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। ये लोग सरेआम आसपास के इलाकों में घूम रहे हैं। ऐसे में स्थानीय निवासियों में भी संक्रमण का खतरा हो सकता है।
मॉडल टाउन आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि इस इलाके में 17 अप्रैल को कश्मीरी गेट के रैनबसेरे से लोगों को लाया गया था। इन सभी लोगों को मॉडल टाउन के सी ब्लॉक के एक सरकारी स्कूल में ठहराया गया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस स्कूल में लोगों को रखा गया है, वहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से स्कूल में रह रहे लोगों की जांच के लिए यहां एंबुलेंस आ रही हैं। ऐसे में डर बना हुआ है कि स्कूल के रैनबसेरे में रह रहे लोग कहीं कोरोना संक्रमित तो नहीं हैं। उनका कहना है कि इनमें से कई लोग गलियों में घूमते रहते हैं। ऐसे में इस इलाके के लोगों में भी संक्रमण फैैल सकता है।
तीन दिन पहले हुई थी चोरी
संजय गुप्ता ने बताया कि रैनबसेरे के पास के घरों में तीन दिन पहले चोरी की घटना हुई है। इस मामले में थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई है। आरडब्ल्यूए की मांग है कि स्कूल में बने रैनबसेरे में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इस मामले में स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्कूल में ठहराए गए सभी लोगों की जांच करने के बाद ही उन्हें यहां लाया गया है। इनमें कोई कोरोना संक्रमित नहीं है। आरडब्ल्यूए की मांग पर स्कूल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।