स्मार्ट सिटी में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। लोगों को खाने से लेकर सॉफ्ट ड्रिंक तक नकली परोसा जा रहा है। पिछले वर्ष मई महीने में लिए तंबाकू व सॉफ्ट ड्रिंक कोला के नमूने विभाग के मापदंड पर खरे नहीं उतरे। इन दोनों विक्रेताओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।
शहर के कुछ विक्रेता अधिक पैसा कमाने के चक्कर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। ऐसे पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से छापेमारी अभियान चलाया गया था। इस दौरान नमूने लेकर उसे जांच के लिए पंचकूला स्थित विभाग के लैब में डिब्बाबंद करके भेजा गया था।
इसमें सॉफ्ट ड्रिंक कोला व तंबाकू निम्न स्तर का पाया गया है। इसके लगातार सेवन से पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंदर ने बताया कि यह दोनों नमूने गत वर्ष मई माह में भरे गए थे। दो नंबर स्थित दुकानदार घर में ही सॉफ्ट ड्रिंक कोला बनाता था।
इसकी गुणवत्ता खराब होने की खबर के बाद छापेमारी की गई थी। यह मापदंडों पर खरी नहीं उतरी। इनके खिलाफ जिला अदालत में केस दर्ज किया जाएगा। मालूम हो कि जिला अदालत में मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने के आरोप में करीब आधा दर्जन विक्रेताओं के खिलाफ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के अदालत में कार्रवाई चल रही है।