राजधानी में मौसम बदलते ही लोगों की सेहत बिगड़ने लगी है। स्थिति यह है कि सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में बुखार, सर्दी-जुकाम और कमजोरी इत्यादि लक्षणों के साथ मरीज पहुंच रहे हैं।
लोकनायक अस्पताल के डॉ. धीरज बताते हैं कि दिन में गर्मी और रात में मौसम ठंडा होने के कारण लोग वायरल की चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा लोगों को आंखों में संक्रमण, सिरदर्द, कमजोरी, पैरों में दर्द जैसी परेशानी भी देखने को मिल रही है। चूंकि तीन दिन से ज्यादा बुखार रहने पर तत्काल चिकित्सीय जांच आवश्यक होती है। इसलिए अस्पताल में मरीजों की रक्त जांच भी कराई जा रही हैं।
अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने बताया कि बीते कुछ दिनों में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की जांच के लिए काफी मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. राहिल चौधरी ने बताया कि इन दिनों आंखों में संक्रमण के साथ-साथ मरीजों में बुखार भी देखने को मिल रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि बाहर से घर आते वक्त आंखों को अच्छे से जरूर धोएं। एकदम से ठंडे और गर्मी वातावरण में न पहुंचे। आंखों पर चश्मा जरूर पहनें। अगर किसी को आंखों में खुजली या ड्राईनेस और लालपन है तो तत्काल डॉक्टरों से सलाह लें।
डॉक्टरों का यह भी कहना है कि सह मौसम फ्रिज, कूलर और एसी से दूरी बनाए रखने का है। खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग व गर्भवती महिलाओं को लेकर खासा सतर्क रहना चाहिए।
आरएमएल अस्पताल के डॉ. विवेक ने बताया कि उनके यहां भी ओपीडी में वायरल मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसके अलावा मलेरिया केस अब तक सबसे ज्यादा देखने को मिल रहे हैं। वहीं सफदरजंग अस्पताल के डॉ. जुगल किशोर का भी कहना है कि इन दिनों मौसम की वजह से लोगों को परेशानी होती है।