फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दहेज की खातिर पिता पर चार बच्चों को मौत के घाट उतारने का आरोप

Tue, 15 Oct 2019 05:27 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुलंदशहर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक व्यक्ति द्वारा अपने चार बच्चों को एक-एक कर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। मामले में अलीगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने डिबाई निवासी आरोपी दामाद के खिलाफ एसएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। जिस पर एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में गहनता से जांच के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन


बता दें कि अलीगढ़ के थाना मंडराक क्षेत्र के गांव बढ़ौली फतेहखां नगला मंदिर निवासी भगवती प्रसाद पुत्र पन्नालाल ने एसएसपी को पत्र भेजकर बताया कि 9 मई 2011 को उसने अपनी पुत्री सर्वेश की शादी डिबाई क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक के साथ की थी। भगवती प्रसाद ने बताया कि उसने शादी में करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन पति समेत अन्य ससुरालीजन शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे।

वह लगातार अतिरिक्त दहेज के रूप में कार की मांग करते हुए पीड़िता का उत्पीड़न कर रहे थे। उसकी पुत्री ने चार बच्चों को जन्म दिया। आरोप है कि दामाद ने अपने ही चारों बच्चों को एक-एक कर मार दिया और अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने तक पैदा होने वाले सभी बच्चों की हत्या करने की चेतावनी दी। बीते दिनों एक अक्तूबर 2019 की शाम को पति एवं अन्य ससुरालीजनों ने दो माह की गर्भवती उनकी बेटी सर्वेश को बुरी तरह पीटा।
विज्ञापन


इस दौरान उसके पेट में भी लात-घूंसों से प्रहार किए गए। पिटाई के चलते उसका गर्भपात हो गया। उसे घर से भी निकाल दिया गया। पीड़ित पक्ष ने 4 अक्तूबर को थाना डिबाई पर शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के पिता ने एसएसपी से पीड़ित पुत्री की मेडिकल जांच कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डिबाई कोतवाल को निष्पक्ष जांच के लिए आदेश दे दिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें