एम्स में कोरोना वैक्सीन के तीसरे चरण का ट्रायलचल रहा है। पिछले दिनों पर्याप्त संख्या में वालंटियर न मिलने के कारण ट्रायल धीमा पड़ गया था, जिसने अब फिर रफ्तार पकड़ ली है। इसका श्रेय अस्पताल के डॉक्टरों को जाता है। जिन्होंने इस परीक्षण में अपने परिवार के लोगों को शामिल किया है।
एम्स में ईएनटी में डॉक्टर आलोक ठक्कर ने अपने पिता को इस ट्रायल में शामिल किया है। उनके पिता महेंद्र लाल ठक्कर की उम्र 80 साल है। वह पिछले कई दिनों से अपने बेटे से वैक्सीन ट्रायल में शामिल होने की बात कर रहे थे। वहीं जब उन्हें पता चला कि वालंटियर की कमी कम पड़ रही है तो वह अपने बेटे के साथ ट्रायल में शामिल होने आ गए।
डॉ आलोक ठक्कर के मुताबिक, ट्रायल के लिए वॉलंटियर की कमी थी और पिता जी चाहते थे कि इसमें शामिल हों. इसलिए उन्होंने डॉक्टर से बात की और उन्हें वॉलंटियर बना दिया। एम्स के डॉक्टर संजय राय ने कहा कि लोगों को कुछ असमंजस हो गया था कि वैक्सीन मिलने वाली है तो ट्रायल में शामिल होने की जरूरत नहीं है, लेकिन अब ऐसा नहीं है। बड़ी संख्या में एम्स से बाहर से भी लोग आए है। डॉ संजय राय को उम्मीद है की जल्द ट्रायल पूरा हो जाएगा।